मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विपक्ष पर निशाना, पहले की सरकारों में भाई- भतीजावाद, क्षेत्रवाद का था बोलबाला

0
2

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद का बोलबाला था। जिस क्षेत्र का सीएम होता था वहीं पर विकास कार्य होते थे और अन्य क्षेत्रों में विकास कोसों दूर था। भाजपा सरकार ने इस प्रथा को जड़ से खत्म करने का काम किया है। वर्तमान सरकार हर क्षेत्र का समान रूप से विकास सुलनिश्चित कर रही है। विकास का पहिया प्रदेश में चारों तरफ तेजी से चल रहा है। कोई भी क्षेत्र अब विकास से अछूता नहीं है। सड़कों का जाल बिछाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जिला अंबाला में बराड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे।

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्यों को करवाने का काम कर रही है। विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को उनकी योग्यता अनुरूप नौकरी मिली है। युवाओं का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है उसे हमें मिलकर पूरा करना है। आज केन्द्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधा लोगों को मिल रहा है। लोगों का जीवन सुखमय हुआ है, उन्हें अब अपने कार्यों के लिए लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। ऑनलाईन प्रक्रिया से कार्यों में पारदर्शिता आई है तथा लोगों को समय रहते योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने 100 दिन के कार्यकाल में संकल्प पत्र की घोषणाओं को पूरा करने का काम किया है। आज सरकारी अस्पतालों व निजी संस्थानों में डायलसिस की मुफ्त सुविधा मिल रही है। महिला सशक्तिकरण के लिए भी निरंतर कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृत संकल्प है। किसानों के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लेने वाला हरियाणा पहला राज्य है। इसके साथ-साथ किसानों की फसलों की अदायगी भी समय अवधि के तहत सीधा उनके खातों में की जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व गरीब लोगों को उनके घर बनाने के सपने को भी पूरा करने का काम किया जा रहा है। योजना के मुताबिक पात्र 15230 लाभार्थियों को 30 गज के प्लाट उपलब्ध करवाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here