दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार व फरेब की राजनीति करने वालों को नकारा- PM मोदी

0
1

नई दिल्ली । पीएम मोदी ने शनिवार को भाजपा की प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। दिल्ली में 27 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिलने पर बीजेपी मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत चार चांद लगा देता है। सभी बीजेपी कार्यकर्ता इस जीत के हकदार हैं। मैं सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देता हूं। आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उन्हें सच से सामना हो ही गया।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, दिल्ली के नतीजों ने ये भी साबित कर दिया कि राजनीति में शार्टकट और झूठ-फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।शार्टकट वालों का दिल्ली की जनता ने शार्ट सर्किट कर दिया। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच दिया। दिल्लीवासी भाजपा की जीत और ‘आप-दा से राहत मिलने का जश्न मना रहे हैं। दिल्लीवासियों को मेरी गारंटी है कि सबका साथ, सबका विश्वास, पूरी दिल्ली का विकास। आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भाजपा को वोट दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण पर भरोसा कर रहा है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी करारा वार किया, उन्होंने कहा, 2014 के बाद 5 साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। मंदिरों में जाना, जनेऊ पहनना। सोचा कि बीजेपी के वोट बैंक को काट लेंगे। लेकिन कुछ नहीं हुआ तो फिर राज्यों की पार्टियों पर अब उनकी नजर है। इंडी गठबंधन के दल अब कांग्रेस को समझने लगे हैं। इसलिए दिल्ली में हमने देखा कि इंडी के दलों ने एकजुट होकर कांग्रेस को और अपने वोटबैंक को रोकने की कोशिश की। फिर भी क्या हाल हुआ। देखिए।।।कांग्रेस को तो वो रोकने में सफल रहे, लेकिन आप-दा को बचाने में फेल हो गए। आज कांग्रेस वो कांग्रेस नहीं, जो आजादी के आंदोलन तक थी, जो आजादी के कुछ दशकों तक थी, आज कांग्रेस अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, तो ये नक्सलियों की बात कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here