HomeHaryana55 साल बनाम 11 साल- कांग्रेस ने गरीबों को सपने दिखाए, जबकि डबल...

55 साल बनाम 11 साल- कांग्रेस ने गरीबों को सपने दिखाए, जबकि डबल इंजन सरकार ने उन्हें साकार किया – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद 55 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने देश और प्रदेश के गरीबों के लिए ठोस कार्य नहीं किए। कांग्रेस के शासनकाल में गरीब व्यक्ति और अधिक गरीब होता चला गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा की डबल इंजन की सरकार ने जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारकर लाखों लोगों के जीवन में बदलाव किया है। मुख्यमंत्री आज पंचकूला में आयोजित मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के लाभार्थियों को आवंटन पत्रों के वितरण तथा मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थियों को अंतरिम मलकीयत प्रमाण पत्र राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों को प्लॉट देने के नाम पर सिर्फ सपना दिखाया, न ही उन्हें कागजात दिए गए और न ही कब्जा मिला। इसके विपरीत, वर्तमान राज्य सरकार ने गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट के कागजात और कब्जा देकर उनका सपना साकार किया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की योजनाएं कभी धरातल पर नहीं उतरती थीं। जब चुनाव आते थे, तभी घोषणाएं होती थीं। 2014 से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर नहीं पहुंचता था। महिलाएं लकड़ी के धुएं से परेशान रहती थीं, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने कभी उनकी चिंता नहीं की। लोगों को गैस सिलेंडर के लिए 4-4 दिन तक लाइनों में लगना पड़ता था। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से घरों में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। अभी तक 18 लाख परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में क्या स्थिति थी, वो सब जानते हैं। महिलाओं को कितनी तकलीफें उठाकर 2-2 किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाना पड़ता था, लेकिन 55 साल तक शासन करने वाले नेताओं ने महिलाओं की इस पीड़ा को कभी नहीं समझा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर में नल और स्वच्छ जल पहुंचाने की व्यवस्था कर महिलाओं को बहुत बड़ा लाभ दिया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्होंने 55 साल तक शासन किया, वे आज गरीबों के हितों की बात कर रहे हैं। वे जनता को गुमराह करने के लिए झूठा प्रचार करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के तीसरी बार सत्ता में आने से संविधान को खतरा है। जबकि सच्चाई यह है कि श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान पूरी तरह सुरक्षित है। अगर खतरा किसी को है तो कांग्रेस को खतरा है, कांग्रेस खत्म हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए कि उन्होंने 55 वर्षों में जनकल्याण के लिए कौन से कार्य किए। वे सिर्फ झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

बैंकिंग सेवाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब गरीब व्यक्ति का बैंक खाता भी नहीं खुलता था। उन्हें दो खाताधारकों के हस्ताक्षर लाने होते थे, जो अक्सर मना कर देते थे, कितना अपमान गरीब व्यक्ति को सहन करना पड़ता था। इसका जिम्मेदार अगर कोई था तो कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन-धन खाते खोलकर आज गरीब व्यक्ति को सम्मान देने का काम किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सवाल पूछते हैं कि जन-धन खाते खुलवा दिए, लेकिन इनमें पैसा कौन जमा करेगा। उनकी ये बात सुनकर हैरानी होती है। मुख्यमंत्री ने राहुल गाँधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे जनधन खातों के आंकड़े देख लें, जिनमें पिछले 11 वर्षों में गरीबों ने अपनी मेहनत की बचत जमा की है। ये गरीब का वो संकल्प है जिसको  नरेंद्र मोदी ने सम्मान दिया है।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं की पीड़ा और गरिमा का हमेशा मजाक उड़ाया है। एक समय था जब माताओं-बहनों को शौच के लिए सूरज ढलने का इंतजार करना पड़ता था। यह एक गंभीर सामाजिक समस्या थी, लेकिन कांग्रेस ने इसे कभी प्राथमिकता नहीं दी। लेकिन प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने हर घर शौचालय” बनवाकर महिलाओं को बड़ी राहत देने का काम किया है। यह केवल शौचालय निर्माण का अभियान नहीं था, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान से जुड़ी क्रांतिकारी पहल थी।स्वास्थ्य क्षेत्र की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले की सरकारों के समय आर्थिक अभाव के कारण लोग इलाज नहीं करा पाते थे। यह एक बेहद दुःखद स्थिति थी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना और हरियाणा की चिरायु योजना ने आमजन को राहत पहुंचाई है। आज हर पात्र व्यक्ति को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्राप्त है। अब तक हरियाणा में 22 लाख लोगों ने इस योजना से जुड़कर लाभ उठाया है।

सरकार ने लगभग 2500 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि इलाज पर खर्च की है। 2004 में कांग्रेस शासन के दौरान मकानों की मरम्मत के लिए गरीबों को केवल 10 हजार रुपये मिलते थे, जबकि आज भाजपा सरकार 80 हजार रुपये की सहायता राशि दे रही है।मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक नेता ने कहा है कि सरकार 5 हजार करोड़ रुपये कलेक्टर रेट के नाम पर इकट्ठा कर रही है। ये बयान झूठा और गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि अभी भी हरियाणा प्रदेश के अंदर 80 प्रतिशत से ज्यादा क्षेत्र ऐसा है, जहां मात्र 10 प्रतिशत ही कलेक्टर रेट बढ़ा है। इसकी एक प्रक्रिया है, जिसके तहत उच्चतम रजिस्ट्री को देखते हुए उस को आधार मानकर हर साल कलेक्टर रेट रिन्यू किए जाते हैं। परंतु इस प्रकार का झूठ बोलना विपक्ष को भी शोभा नहीं देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का झूठ अब ज्यादा समय नहीं चलेगा। प्रदेश की जनता अब जागरूक है और सच्चाई को पहचानती है। डबल इंजन की सरकार गरीबों, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित है और यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री  कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री  महीपाल ढांडा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक शक्ति रानी शर्मा और पंचकूला के मेयर  कुलभूषण गोयल सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments