महोबा । उत्तर प्रदेश मे महोबा के सदर कोतवाली क्षेत्र मे कल रात हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप कार से कुचल कर तीन महिलाओ की मौत हो गयी और दो गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज भेजा गया है।अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया की मुख्यालय के छतरपुर रोड में स्थित एक निजी गेस्ट हाउस मे आयोजित शादी समारोह मे भोजन बनाने के लिए गयी मजदूर महिलाओं का एक दल देर रात काम निबटा कर अपने घर वापस लौट रहा था तभी सड़क से तेज रफ्तार मे गुजर रही एक पिकअप कार ने अनियंत्रित होकर उन्हें कुचल दिया।
इस घटना से मौके पर कोहराम मच गया और चीख पुकार सुनकर सड़क किनारे स्थित मकानों से लोग बाहर निकले सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के सहयोग से घायलों को उठा कर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की दुर्घटना मे मौत का शिकार हुयी महिलाओं मे 50 वर्षीय भागवती, 35 वर्षीय गीता देवी और 40 वर्षीय श्याम रानी शामिल है जो यहां भटीपुरा इलाके की निवासी थी। इनमें श्याम रानी की मौके पर ही मौत हुई तो गीता और भागवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। दो अन्य घायल महिलाओं में तुलसा और राजकुमारी की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रिफऱ कर दिया है।
घटना की खबर मिलने पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों से मिल संवेदना प्रकट की।उन्होंने पीडि़त परिवारों को आवश्यक मदद का आश्वासन भी दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की दुर्घटना करने के उपरान्त भाग कर फरार हुयी पिकअप की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतक महिलाओं के शवों को पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए पहुंचाया है और जांच पड़ताल शुरू की है।



