HomeHaryanaहरियाणा के श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से करवाए जाएंगे तीर्थ स्थलों...

हरियाणा के श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से करवाए जाएंगे तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन

चंडीगढ़ – प्रदेश सरकार ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अब ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार और आई.आर.सी.टी.सी. (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) के बीच  समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं । सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग तथा आईआरसीटीसी की तरफ से  सर्कल रिजनल मैनेजर (सीआरएम ) हरजोत सिंह संधू ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

महानिदेशक  पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने के लिए ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की  है। इसके तहत अब तक अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन के माध्यम से भी तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई है। इसी के अंतर्गत हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच समझौता ज्ञापन साइन किया गया है। इस अवसर पर रेलवे से हर्ष दीप व नितिन शर्मा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे ।

इन पवित्र स्थलों पर ले जाने का हुआ करार : सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक पांडुरंग ने बताया कि आईआरसीटीसी के साथ हुए समझौते के तहत हरियाणा से अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी तथा शिरडी व शनि शिंगणापुर तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाने बारे समझौता हुआ है। जरूरत अनुसार और तीर्थ स्थल भी जोड़े जा सकते हैं ।

खाने-पीने व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था: उन्होंने बताया कि एक ट्रेन में 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच  श्रद्धालुओं के लिए तथा एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थल तक पहुंचाने के लिए बसों आदि का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क की जाएगी।

क्या है तीर्थ यात्रा योजना: ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत, 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों , जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम है, को नि:शुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्ति तीर्थ यात्रा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments