HomeHaryanaमंडियों का दौरा करके किसानों की समस्याओं को उठाएगी जेजेपी

मंडियों का दौरा करके किसानों की समस्याओं को उठाएगी जेजेपी

चंडीगढ़- जननायक जनता पार्टी प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करके किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। जेजेपी पदाधिकारी किसानों से संवाद करके फसल खरीद का जायजा लेंगे। ये निर्णय रविवार को पानीपत में आयोजित जेजेपी किसान प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक में लिया गया। जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने बैठक में हरियाणा के किसानों की वर्तमान दयनीय स्थिति पर गहन मंथन करते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों को किसान विरोधी और पूरी तरह विफल बताया है।
उन्होंने बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और सरकार की खराब खरीद नीति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकार को मंडियों में किसानों के लिए बेहतर फसल खरीद के इंतजाम करने चाहिए। साथ ही फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को समय पर उचित मुआवजा देना चाहिए। अजय चौटाला ने आगे कहा कि जेजेपी मंडियों में पहुंचकर किसानों की आवाज बुलंद करेगी और सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का काम करेगी। वहीं जेजेपी द्वारा महामहिम राज्यपाल को भी एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें किसानों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से रखा जाएगा।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंडियों में फैली अव्यवस्था के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आज हरियाणा का किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए अनेक दिक्कतों को झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि फसल खरीद से जुड़े पोर्टल में लगातार तकनीकी खामियां, ट्रैक्टर के नंबर और बायोमेट्रिक प्रणाली किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। वहीं दुष्यंत ने पोल्ट्री फार्म से जुड़े किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि ये किसान भी आर्थिक संकट से जूझ रहे है और सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे है।
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अमेरिका और ईरान युद्ध से उत्पन्न हालातों के चलते आगामी बिजाई में किसानों को आने वाली समस्या पर भी जोर दिया और कहा कि यदि सरकार द्वारा समय रहते यूरिया की संभावित कमी को दूर नहीं किया गया तो किसानों को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इस बैठक के उपरांत डॉ अजय सिंह चौटाला ने पानीपत की अनाज मंडी का दौरा कर किसानों से मुलाकात की और मंडियों में सरकार की खराब व्यवस्था की पोल भी खोली। वहीं बैठक में जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी, देवेंद्र कादयान, जेजेपी किसान प्रकोष्ठ के प्रभारी रोशन ढांडा, प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, धर्मबीर सिहाग, बहन फूलवती सहित किसान सेल के सभी जिला अध्यक्ष और हल्का अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments