कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनावी अभियान में जान फूंकते हुए हुए शुक्रवार सुबह पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ के विमोचन की घोषणा की। इसी के साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन से त्रस्त राज्य अब परिवर्तन चाहता है और भाजपा ‘भय के राज’ से मुक्ति दिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बताया कि वे कोलकाता में संकल्प पत्र जारी करने के बाद पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित करेंगे और खड़गपुर में रोड शो के जरिए जनता के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य के लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं के बीच जाकर बदलाव का संदेश देगी।
पीएम मोदी कर चुके हैं रैलियां – इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल को गरमाते हुए तीन बड़ी रैलियां कीं। उन्होंने हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में आयोजित जनसभाओं में भाजपा की ओर से छह प्रमुख गारंटियां घोषित कीं। चुनावी रैलियों में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारना प्राथमिकता होगी और जनता को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी तंत्र को जवाबदेह बनाया जाएगा तथा घोटालों और अपराधों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। शरणार्थियों को सम्मान देने और अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने का वादा भी किया गया। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए सातवां वेतन आयोग लागू करने की बात कही गई।



