चंडीगढ़। पंजाब में पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद अब मौसम ने फिर करवट ले ली है और गर्मी अब अपना असर दिखा रही है। इसके चलते राज्य के कई इलाकों में तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 अप्रैल तक पंजाब के कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसको देखते हुए विभाग ने राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है।विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे, वहीं धूलभरी आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हवाओं की गति में यह बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने की भी संभावना है। तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। धूलभरी हवाओं के कारण आंखों में जलन और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए बाहर निकलते समय जरूरी सावधानी बरतें।



