HomeNationalबाढ़ से निपटने के लिए पंजाब सरकार और लोग हुये एकजुट

बाढ़ से निपटने के लिए पंजाब सरकार और लोग हुये एकजुट

चंडीगढ़: पंजाब में आई भीषण बाढ़ के मद्देनज़र मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश में चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों में कैबिनेट मंत्री और प्रदेशवासी एकजुट होकर राहत कार्य कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्रियों द्वारा बड़े स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री बाँटी जा रही है। इसके अतिरिक्त विभिन्न जिलों में दरियाओं के तटबंधों को मजबूत करने में कैबिनेट मंत्री व्यक्तिगत तौर पर जुटे हुए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज दिड़बा में अपने कार्यालय पर ज़रूरतमंद बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिये बांटी जा रही रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुओं की पैकिंग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री से वंचित नहीं रहना चाहिए।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यह सारी राहत सामग्री बिना किसी सरकारी मदद के एकत्र की है, जिसमें हल्का दिड़बा के स्वयंसेवकों ने अपनी मेहनत की कमाई में से योगदान दिया। इसी के साथ उन्होंने जिले के वेटरनरी अधिकारियों द्वारा जुटाई राहत सामग्री का ट्रक भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।इसी तरह कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस लगातार नंगल और आनंदपुर साहिब क्षेत्र की बाढ़ प्रभावित स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री द्वारा इलाके की दरियाओं के तटबंधों पर लगातार व्यक्तिगत स्तर पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा नंगल डैम के पास स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर को हुये नुकसान को भरने के लिए चल रहे बचाव कार्य की तीसरे दिन भी कमान संभाली हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक राहत कार्य पूरी तरह से समाप्त नहीं हो जाते, वे यहीं डटे रहेंगे।

कैबिनेट मंत्री पंजाब हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज हल्का जंडियाला गुरु स्थित अपने कार्यालय से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री जिसमें दवाइयाँ, सूखा दूध, आटा, पशुओं के लिए चोकर, चारा आदि शामिल हैं, और मेडिकल टीम को हल्का अजनाला के लिए रवाना किया। उन्होंने अजनाला सेक्टर के मलिकपुर और सराए गाँवों में राहत सामग्री का वितरण किया। इसके अलावा उन्होंने आज छत गिरने से घायल हुई रोमाना चक्क गाँव की सिमरजीत कौर का अस्पताल में जाकर हालचाल जाना और हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।इसी तरह राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और पंजाब के पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने रविवार को जिला फाजिल्का के सीमावर्ती गाँवों का दौरा किया। इस दौरान वे नाव द्वारा गुलाबा भैणी गाँव तक राहत सामग्री लेकर पहुँचे और यहो स्वयं लोगों को राहत सामग्री बाँटी। उन्होंने कहा कि लगभग एक महीने से पंजाब बाढ़ से जूझ रहा है, पर बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि केंद्र सरकार अब तक रिपोर्टों का इंतज़ार कर रही है।

जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने हल्का लहरागागा के मकरौड़ साहिब पुल और मूनक स्थित टोहाना पुल पर घग्गर नदी क्षेत्र के गाँव चादूं, कुंदनी, सुरजनभैणी, रामपुर गुज्जरां, फूलद, राजरहेड़ी, डूडियाँ सहित विभिन्न गाँवों का दौरा किया। उन्होंने मौजूदा हालात में दरिया किनारे की मजबूती के लिए गाँववासियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए धन्यवाद किया। गोयल ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार द्वारा घग्गर संबंधी संभावित बाढ़ के हालात से निपटने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जा रही। कैबिनेट मंत्री पंजाब  लालजीत सिंह भुल्लर ने आज विधानसभा हल्का पट्टी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से बातचीत की और आवश्यक राहत सामग्री भी बाँटी।

इस दौरान ज्ञानी रघबीर सिंह जी, हेड ग्रंथी दरबार साहिब भी उनके साथ विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों की सुध लेने पहुँचे।उन्होंने धुस्सी तटबंध के किनारे बसे गाँव घड़ुंम, कुत्तीवाला, बस्ती लाल सिंह, घुलेवाला, सभरां, राधलके आदि का दौरा कर लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुँचाई और आगे भी हर प्रकार की मदद का भरोसा दिया।कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डीयां ने लंबी हलके के विभिन्न गाँवों का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। उन्होंने आज लंबी हलके के मिड्डा, रानीवाला, सरावां और पक्की टिब्बी गाँव का दौरा किया। इसी तरह कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल किटों का वितरण किया और आशा वर्करों को आदेश दिए कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी मेडिकल आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 104 पर डायल करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments