अमृतसर। पंजाब से कांग्रेस के तीन सांसदों ने आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला, पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी और श्री फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह ने मंगलवार को खड़गे जी को दूसरी बार राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में पार्टी के और अधिक मजबूत होने का विश्वास व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान सांसदों ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का लंबा राजनीतिक जीवन, व्यापक प्रशासनिक अनुभव और देश के संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है।
सामाजिक न्याय, लोकतंत्र की मजबूती और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए निरंतर प्रयास देशभर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा संविधान की भावना की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी देश के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं की आवाज बनकर और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी। वहीं, सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी और डॉ. अमर सिंह ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे को दूसरी बार राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव और संतुलित नेतृत्व पार्टी को नई दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है तथा खड़गे के नेतृत्व में इन सिद्धांतों को और मजबूती मिलेगी। मुलाकात के दौरान देश और पंजाब से जुड़े विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। तीनों सांसदों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संसद और अन्य मंचों पर उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में पंजाब के तीनों सांसदों ने मल्लिकार्जुन खड़गे के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश में लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाने और आम लोगों की आवाज को बुलंद करने का कार्य निरंतर करती रहेगी।



