नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का डबल असर दिख रहा है। एक ओर प्री-मानसून बारिश और आंधी-बिजली से जनजीवन पर असर पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर जारी है। मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने और आंधी-तूफान से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है।मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग झुलस गए। देवास में तेज आंधी और बारिश में एक मकान की बालकनी गिरने से दो महिलाओं की जान चली गई। दूसरी ओर झारखंड में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि छत्तीसगढ़ में भी दो लोगों की जान चली गई।
मौसत विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के चमोली जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद बादल फटने जैसी स्थिति बन गई। कई सड़कों, घरों, स्कूलों में मलबा जमा हो गया। आठ बड़े वाहन, एक एंबुलेंस और कई मकान मलबे की चपेट में आ गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के 22 राज्यों को कवर कर चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक 5 जुलाई तक यह शेष राज्यों में भी पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्य से करीब आठ दिन देरी से पहुंच रहा है। अगले दो दिनों में इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। बारिश के बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। हरियाणा के रोहतक में देश का सर्वाधिक तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
28 जून को असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा की संभावना। सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट। आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश का अनुमान। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में हीटवेव का अलर्ट। वहीं 29 जून को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना। बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु में तेज हवाओं का अनुमान। राजस्थान में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की संभावना है।



