HomePunjabखाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ रहा पंजाब

खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ रहा पंजाब

चंडीगढ़ : पंजाब राज्य खाद्य आयोग (पीएसएफसी) के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने मध्य प्रदेश खाद्य आयोग द्वारा भोपाल में आयोजित 2-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘एनएफएसए-2013: प्रगति, चुनौतियाँ और आगे का रास्ता’ में आयोग की गतिविधियों और उपलब्धियों को साझा किया। खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा विभागों में बेहतर समन्वय आवश्यक है ताकि सरकार की जन-हितैषी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुँच सके।

अध्यक्ष ने बताया कि पीएसएफसी द्वारा अप्रैल 2025 में पोषण सुरक्षा पर एक उच्च स्तरीय वर्कशॉप आयोजित की गई थी। इसमें कृषि, वानिकी और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों के 39 विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस वर्कशॉप की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय खाद्य सचिव बी.सी. गुप्ता ने की, जिनके कार्यकाल के दौरान ही एनएफएसए-2013 लागू किया गया था।उन्होंने कहा कि इस कार्य में स्कूलों और आंगनवाड़ियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। पीएसएफसी की सिफारिशों के बाद शिक्षा विभाग ने मई 2025 में स्कूलों को न्यूट्रिशन गार्डन बनाने के निर्देश जारी किए थे। ये गार्डन पीएयू लुधियाना और बागवानी विभाग द्वारा तैयार किए गए डिज़ाइन के अनुसार बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक गार्डन में 21 प्रकार के फलदार पौधों के साथ-साथ जड़ी-बूटियों और सब्जियों के बाग भी होंगे।

इसी प्रकार 1000 वर्ग फुट या उससे अधिक क्षेत्र वाली आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिकाएँ स्थापित की जा रही हैं।
मॉडल अभ्यासों को बढ़ावा देने के लिए आयोग के 4 सदस्यों को प्रत्येक को 6 जिले सौंपे गए हैं और उन्हें प्रत्येक जिले में एक स्कूल गोद लेकर मॉडल गार्डन विकसित करने के लिए कहा गया है। आयोग एनआरआई से सीएसआर के माध्यम से स्कूलों में स्टील के वॉशबेसन और डेस्क लगवाने के लिए भी सहयोग माँग रहा है।जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पीएसएफसी स्कूली बच्चों के लिए दंत और सामान्य स्वास्थ्य देखभाल पर भी ध्यान दे रहा है।

मिड-डे-मील के रसोइयों और सहायकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लोगों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के लिए ‘ईट राइट मेले’ भी लगाए जा रहे हैं।इस अवसर पर बाल मुकंद शर्मा ने नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. रमेश चंद को पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहलों और उपलब्धियों से संबंधित कॉफी टेबल बुक भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश खाद्य आयोग के चेयरमैन प्रो. वी.के. मल्होत्रा भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments