HomeHaryanaप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को करेंगे 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को करेंगे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत- संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

चंडीगढ़- युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त, 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के लाखों युवा अभियान से वर्चुअली जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेंगे तथा इसे प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप देंगे। हरियाणा में अभियान का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पावन भूमि कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाएं सहभागिता करेंगी।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के लगभग 10,000 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में होगी युवाओं की अधिकतम भागीदारी – इस अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त रहेगा। अभियान की संपूर्ण अवधि के दौरान प्रदेश के युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के युवा उत्साह एवं दृढ़ संकल्प के साथ नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। साथ ही, अभियान को सफल बनाने में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहेगा। वहीं, राज्य मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में युवा सशक्तिकरण एवं खेल विभाग इस अभियान की नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा। विभाग अभियान की संपूर्ण अवधि के दौरान राज्य स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगा, ताकि अभियान अपने निर्धारित उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सके।

हरियाणा में हर रविवार नशामुक्ति का संदेश देंगे युवा – हरियाणा में यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को सतत रूप से संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत युवाओं के नेतृत्व में विभिन्न जनजागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना तथा उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से प्रेरित करना है। प्रधानमंत्री के संबोधन का अधिकतम युवाओं तक प्रसारण एवं सामूहिक श्रवण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालयों से संबद्ध सभी सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा ताकि हरियाणा में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरण का वातावरण तैयार हो सके। नशामुक्त युवा ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वस्थ, जागरूक और संकल्पवान युवा ही सशक्त समाज तथा आत्मनिर्भर राष्ट्र की आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक युवा का यह संकल्प होना चाहिए कि वह स्वयं नशे से दूर रहेगा, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा तथा नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments