नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के गांव रोजा जलालपुर निवासी प्रवेश कुमार पुत्र सूबेदार ने पुलिस को शिकायत देकर अपने भांजे बृजेश कुमार पुत्र अजयपाल सिंह के लापता होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बृजेश कुमार पुत्र अजय पाल सिंह, उम्र लगभग 21 वर्ष, निवासी गांव कटरी-सथरा, नई बस्ती, थाना राजेपुर, जिला फर्रूखाबाद (उत्तर प्रदेश), 12 जून से लापता है। परिजनों के अनुसार बृजेश कुमार पुत्र अजयपाल सिंह दिसंबर 2025 में काम के सिलसिले में नोएडा आया था।
वह नोएडा के सेक्टर-58 खोडा,चौधरी चरण सिंह गेट के पीछे वाली गली में रहकर मजदूरी का कार्य करता था। बताया जाता है कि उसके लापता होने से पहले उसे अंतिम बार इसी स्थान पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।परिवार और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। बृजेश कुमार का स्थायी पता गांव कटरी-सथरा, नई बस्ती, थाना राजेपुर, जिला फर्रूखाबाद (उत्तर प्रदेश)है। प्रवेश कुमार ने बताया कि बृजेश का रंग गोरा है। उसके घर नहीं लौटने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। सबसे अधिक चिंता उसकी मां की है, जिनकी तबीयत पहले से ही खराब चल रही है।
बेटे की याद में उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वह हर पल उसके सकुशल घर लौटने की दुआ कर रही हैं।परिजनों ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि बृजेश यह समाचार पढ़ रहा हो या किसी माध्यम से उसे यह संदेश मिले, तो वह जल्द से जल्द अपने घर लौट आए या अपने परिवार से संपर्क करे, ताकि परिवार की चिंता दूर हो सके।यदि किसी व्यक्ति को बृजेश कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह मोबाइल नंबर 75034 83512, 99584 36207 अथवा 91189 75872 पर संपर्क कर सूचना दे सकता है। परिजनों ने सही सूचना देने वाले को नकद इनाम देने की घोषणा भी की है तथा सूचना देने वाले का आभार व्यक्त करने की बात कही है।



