लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज की हैं। चुनावी तैयारियों के तहत पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों और मोर्चों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी है। वहीं, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है।
रामप्रताप सिंह को पश्चिम क्षेत्र, शंकर लाल लोधी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र, दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र, रमेश सिंह को काशी क्षेत्र और अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। भाजपा ने इन नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी भी चुनावी अभियान को गति देने में जुटी है। प्रदेश में ब्राह्मण मतदाताओं को लेकर भाजपा और सपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एक बयान के बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ही अपने-अपने वोट बैंक को साधने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही हैं।



