सारंगपुर । तेज बारिश के बाद नदी-नालों में आए उफान के बीच सोमवार सुबह सारंगपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर पडाना कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। यहां उफनते नाले को पार करने के दौरान एक ईको वाहन तेज बहाव में बह गया। वाहन में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। वहीं दो लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद से लापता अन्य लोगों की तलाश में एसडीईआरएफ का बचाव दल रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। दो लोगो के शव अभी तक नही मिल सके हैहादसा सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा बचाव दल को बुलाया गया। बरामद किए गए सभी शवों को सारंगपुर लाया गया है।
सतवास से कड़लावद जा रहे थे सभी लोग – प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईको वाहन में सवार सभी लोग देवास जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे सतवास से कड़लावद गांव की ओर जा रहे थे। वाहन में चालक सहित 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। रास्ते में पडाना कस्बे के समीप नाले पर पानी का तेज बहाव था। इसके बावजूद वाहन चालक ने वाहन को पानी में उतार दिया। कुछ ही दूरी आगे बढ़ने के बाद वाहन बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नाले में जा गिरा।
ग्रामीणों ने रोका, फिर भी पानी में उतार दी कार – प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के अनुसार हादसे के समय पुल पर काफी पानी भरा हुआ था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने ईको वाहन चालक को रोककर आगे पानी भरा होने की जानकारी दी थी। ग्रामीणों ने चालक से कहा था कि आगे घुटने तक पानी भरा है, इसलिए वाहन को आगे नहीं ले जाएं। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और पानी में आगे बढ़ा दिया। महेंद्र परमार के मुताबिक, सड़क पर रेलिंग नहीं होने के कारण पानी के तेज बहाव में वाहन नाले की ओर चला गया और देखते ही देखते बह गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दो घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती – हादसे में बच निकले मुकेश और हुकुम घटना के बाद से डरे हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की भयावहता के कारण दोनों सदमे में बताए जा रहे हैं। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
सात शव बरामद, बाकी की तलाश जारी – घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के साथ बचाव दल ने नाले में तलाश शुरू की। अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीईआरएफ का बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। सारंगपुर टीआई राहुल रघुवंशी ने बताया कि बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मृतकों की पहचान एवं उनके परिजनों से संपर्क की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम बोले- सूचना मिलते ही शुरू कराया बचाव कार्य – सारंगपुर एसडीएम रोहित बम्होरे ने बताया कि नाले में कार गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हुई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास करते हुए दो लोगों को सुरक्षित बचाया। अब तक सात शव बरामद हो चुके हैं तथा बाकी लोगों की तलाश जारी है।



