नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले वीडियो और अन्य कंटेंट तैयार करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ देश में हो रहे नए और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाने का मंच बन गया है।पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की रचनात्मकता और सोशल मीडिया की पहुंच का इस्तेमाल नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने में किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से नशा मुक्ति की थीम पर कंटेंट बनाकर अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने को कहा। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान देश में चले तिरंगा अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस बार 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि फिजी से लेकर दुनिया के कई हिस्सों में तिरंगा शान से फहराया गया। पीएम ने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति के रंगों से भरा रहता है और इस बार ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण यह और खास हो गया है।
बढ़ रही एवोकाडो की मांग, किसान कमा रहे मुनाफा – प्रधानमंत्री मोदी ने देश में बढ़ती एवोकाडो की मांग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसकी खेती से किसान अच्छी कमाई कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि किसान ने करीब 4 टन एवोकाडो का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में इसकी आपूर्ति की।
युवाओं ने बदली गंगा घाटों की तस्वीर – स्वच्छता के महत्व पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब स्वच्छता का संकल्प लोगों की आदत बन जाता है तो पूरे इलाके की पहचान बदल सकती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित पटवाई गांव के आकाश और रोहन का उदाहरण दिया। दोनों ने ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम बनाकर युवाओं के साथ चार गंगा घाटों की सफाई की, कई तालाबों को संवारा और एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया।
अंतरिक्ष क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी – प्रधानमंत्री मोदी ने बेटियों की अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने ‘मिशन शक्तिसैट’ की चर्चा करते हुए कहा कि इसके जरिए 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने और नवाचार करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को ‘नेशनल स्पेस डे’ के अवसर पर ग्रेटर नोएडा में इस पहल की एक शानदार तस्वीर देखने को मिली।
अभिनेता उत्तम कुमार का किया जिक्र – पीएम मोदी ने महान अभिनेता उत्तम कुमार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 3 सितंबर को उत्तम कुमार की जन्म-शताब्दी मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि प्रसिद्ध फिल्मकार सत्यजीत रे ने अपनी फिल्म ‘नायक’ की पटकथा उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। उन्होंने कहा कि शुरुआती असफलताओं के बावजूद उत्तम कुमार ने कभी हार नहीं मानी और अपनी मेहनत से फिल्म जगत में अलग पहचान बनाई।



