चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम, दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताते हुए कहा कि आज जब दुनिया के कई देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वहीं भारत लगातार तेज आर्थिक विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पहली तिमाही में भारत की GDP विकास दर 7.8 प्रतिशत रहना देश की मजबूत और गतिशील अर्थव्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत की विकास दर इस बात का संकेत है कि भारत अब वैश्विक आर्थिक विकास के प्रमुख इंजनों में से एक बन रहा है।
उन्होंने कहा कि IT और वित्तीय क्षेत्र में 12.1 प्रतिशत, मैन्युफैक्चरिंग में 9.2 प्रतिशत तथा निवेश एवं बुनियादी ढांचे में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि मोदी सरकार की उद्योग, निवेश और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने वाली नीतियों की सफलता को दर्शाती है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घरेलू खपत में 7.1 प्रतिशत और निर्यात में 12 प्रतिशत की वृद्धि भारत की आंतरिक आर्थिक ताकत तथा वैश्विक बाजार में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अब केवल अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो रही, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक ताकत का प्रभाव भी लगातार बढ़ा रही है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ का जो संकल्प देश के सामने रखा है, उसकी दिशा में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा, बढ़ता औद्योगिक उत्पादन, डिजिटल क्रांति और युवाओं के लिए बढ़ते अवसर इस विकास यात्रा के महत्वपूर्ण आधार हैं।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत का आत्मविश्वास और वैश्विक स्तर पर उसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। भारत की तेज आर्थिक प्रगति यह साबित कर रही है कि सही नीतियों, मजबूत नेतृत्व और जनता की भागीदारी के साथ भारत 2047 तक एक पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।



