नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय बलबीर सिंह के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान बलबीर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चला रहा था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के आधार पर ही होगी।
चालक गिरफ्तार, जांच जारी – हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक मुन्ना लाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त ट्रक की गति कितनी थी और चालक की स्थिति क्या थी।



