मुंबई । दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए लय में बने रहने के लिए बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अब रणजी ट्रॉफी खेलते नजर आयेंगे। यशस्वी एक नवंबर से मुम्बई और राजस्थान के बीच जयपुर में होने वाले एलीट ग्रुप डी मुकाबले में उतरेंगे। यशस्वी इस प्रकार भारतीय क्रिकेट बोर्ड के नियम का ही पालन कर रहे हैं। बोर्ड का निर्देश है कि सभी अनुबंधित खिलाड़ियों को फिट और उपलब्ध होने पर घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिये। इसी को देखते हुए इस बल्लेबाज ने मुंबई चयन समिति के अध्यक्ष संजय पाटिल को मैच में खेलने की इच्छा बतायी है।
पाटिल और उनकी चयन समिति वर्तमान दौर के बाद राजस्थान के खिलाफ मैच के लिए टीम का चयन करेंगे और उसी में यशस्वी को जगह मिलेगी । यशस्वी ने कुछ समय पहले गोवा से खेलने को लेकर मुम्बई से एनओसी मांगा था पर बाद में उन्होंने मुम्बई में ही बने रहने की बात कही थी। वहीं अगर वह खेलते तो इस विवाद के बाद उनका मुम्बई की ओर से ये पहले मैच होगा। उन्होंने अंतिम बार मुंबई के लिए जम्मू-कश्मीर के ख़लिाफ़ बीकेसी मैदान पर खेले गए ग्रुप मैच में हिस्सा लिया था। हाल में घरेलू क्रिकेट उन्होंने अगस्त में खेला था। तब वह बेंगलुरु में हुए दलीप ट्रॉफी में वेस्ट ज़ोन की ओर से उतरे थे।



