नई दिल्ली । महाराष्ट्र के नांदेड जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा नांदेड-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में शाम करीब साढ़े 6 बजे हुआ।जानकारी के मुताबिक, भोकर से नांदेड की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की सामने से आ रही टाटा मैजिक यात्री वैन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और वैन सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के समय वैन में कुल 12 यात्री सवार थे।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। 9 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 घायलों को भोकर और नांदेड के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और इसमें किसकी गलती थी, इसकी जांच कर रही है



