नई दिल्ली । 1 अक्टूबर को 20 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट, दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
मॉनसून की वापसी के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना कम है। 1 अक्टूबर को दिल्ली में मौसम मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।बिहार में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने बिहार में आने वाले दिनों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।इस बीच उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी जारी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर अभी बना रह सकता है।



