निशिन। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में क्रिकेट का लगातार दूसरा स्वर्ण पदक हासिल करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने तिरंगा लहराकर मैदान का चक्कर लगाया और स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन किया। भारत को शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा और युवा वैभव सूर्यवंशी ने तेज रन बनाने में मदद की।
अभिषेक ने 28 गेंदों में 61 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और सात छक्के लगाए तथा महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वैभव ने भी नौ गेंदों में 15 रन बनाए और दो छक्के जड़े। हालांकि वह सईम अयूब की गेंद पर आउट हो गए। शुरुआती ओवरों में दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया।अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय पारी को मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने संभाला। तिलक ने केवल 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों पर 27 रन की उपयोगी पारी खेली। दूसरी ओर ईशान किशन 18 गेंदों पर 20 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। इन पारियों की बदौलत भारत ने 211 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने भी तेज शुरुआत करने की कोशिश की।
हसन नवाज ने भारतीय गेंदबाजों का सामना करते हुए 51 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन वह शतक से चार रन दूर रह गए। साद मसूद ने पांच गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी।भारत की ओर से शिवम दुबे ने तीन ओवर में 33 रन देकर दो विकेट लिए। पारी की आखिरी गेंद पर दुबे ने हसन नवाज को संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। एशियन गेम्स क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहली पुरुष फाइनल भिड़ंत थी। भारत ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में क्रिकेट में पहली बार हिस्सा लेते हुए स्वर्ण पदक जीता था। अब 2026 में पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा और एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार क्रिकेट का स्वर्ण अपने नाम किया।
भारत की प्लेइंग इलेवन :भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन :पाकिस्तान: सुफियान मोकीम, हसन नवाज, अबरार अहमद, अब्दुल समद, साद मसूद, साहिबजादा फरहान (कप्तान), सईम अयूब, अहमद दानियाल, उस्मान खान (विकेटकीपर), अराफात मिन्हास, माज सदाकत।



