HomeNationalप्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 13-14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात का करेंगे...

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 13-14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात का करेंगे दौरा

नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 13-14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात का दौरा करेंगे। वे 13 नवंबर को बेंगलुरु में सुबह लगभग 10:45 बजे प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। दोपहर लगभग 12:45 बजे प्रधानमंत्री तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को झंडी दिखाएंगे और उसमें सफर करेंगे। दोपहर लगभग 1:15 बजे प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस अवसर पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे जहां दोपहर लगभग 3:30 बजे वे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। वे इस अवसर पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

14 नवंबर को, प्रधानमंत्री लगभग 12 बजे गुजरात के बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। अंबाजी मंदिर 51 पूजनीय शक्तिपीठों में एक है।

प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय मुख्यालय परिसर, प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड का शिलान्यास करेंगे और तिरुवनंतपुरम, केरल में एस-व्यासा ऑफ-कैंपस (मुख्य परिसर से बाहर स्थित केंद्र) का शुभारंभ करेंगे।

13 से 23 नवंबर 2026 तक विकसित भारत 2047 की ओर विषय पर आयोजित होने वाला यह स्वर्ण जयंती समारोह संस्था-निर्माण और सेवा के पांच दशकों का प्रतीक है। 1975 में स्थापित, प्रशांति कुटीरम की स्थापना आधुनिक विज्ञान को भारत के आध्यात्मिक ज्ञान के साथ एकीकृत करने के उद्देश्य से की गई थी। यह एस-व्यासा का केंद्र है, जिसे 2002 में मानद विश्वविद्यालय घोषित किया गया था और यह योग में शिक्षा और अनुसंधान के लिए समर्पित है।

इस कार्यक्रम में 1926 में बेंगलुरु में जन्मे प्रख्यात विचारक, लेखक और संगठनकर्ता श्री होंगसांद्रा वेंकटरमैया शेषाद्रि जी की जन्म शताब्दी भी मनाई जाएगी। वे 1946 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल हुए और 1987 से 2000 तक इसके सरकार्यवाह रहे। वे एस-व्यास के दूरदर्शियों में से एक थे और उनकी प्रेरणा तथा मार्गदर्शन ने दशकों से प्रशांति कुटीरम के विकास को आकार देने और संस्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण, शिलान्यास और झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी परिवहन आवागमन, विद्युत पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे सहित प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

प्रधानमंत्री लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कालेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। यह नया खंड शहरी संपर्क बढ़ाएगा, दैनिक आवागमन सुगम बनाएगा, यात्रा समय में कमी लाएगा और बेंगलुरु में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ बनाएगा।

प्रधानमंत्री कोप्पल-II और गदग-II में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण (चरण-II) के लिए पारेषण योजना का भी उद्घाटन करेंगे जिसे लगभग 4,450 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है। यह पारेषण प्रणाली ग्रिड द्वारा लाभार्थियों तक पारेषण और वितरण के लिए कर्नाटक के कोप्पल और गदग क्षेत्रों से लगभग 2 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता की निकासी सुविधा प्रदान करेगी। श्री मोदी लगभग 1,370 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र की पारेषण योजना का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में बीदर पूलिंग स्टेशन की स्थापित करना शामिल है और यह क्षेत्र से 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा की निकासी की सुविधा प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री 3,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों की एकीकरण पारेषण योजना की आधारशिला रखेंगे। वे 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण पारेषण प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित मंगलुरु में भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 80 हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता वाली यह सुविधा भारत की एलपीजी भंडारण अवसंरचना को काफी सुदृढ़ बनाएगी। इस परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर की एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है, जो एलपीजी के कुशल परिवहन और भंडारण की सुविधा प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड – एमआरपीएल बेंगलुरु का देवनगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 330 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण और वितरण अवसंरचना मजबूत बनाएगी।

प्रधानमंत्री हरलकुंटे, बेंगलुरु में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह संयंत्र 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस के उत्पादन के लिए प्रतिदिन लगभग 300 टन नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण करेगा। इस परियोजना से वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ तथा अधिक संधारणीय पर्यावरण में योगदान मिलेगा।

प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों – चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे। पुनर्विकसित स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे और शहर के केंद्र में संचालित होने से इनसे क्षेत्र में स्थानीय वाणिज्यिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मैसूरु में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे, जो देश में तारामंडल प्रौद्योगिकी और खगोल विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए) द्वारा विकसित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। इसे खगोल विज्ञान शिक्षा एवं प्रशिक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। यह तारामंडल मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है।

इस अत्याधुनिक केंद्र में 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद (टिल्टेड डोम) है जिसमें 4.2 करोड़ स्वयं के एलईडी के साथ लगभग 6,150 पैनल शामिल हैं। पारंपरिक तारामंडल निष्क्रिय गुंबद पर चित्र प्रदर्शित करने के लिए प्रोजेक्टर का उपयोग करते हैं, वहीं इसके एलईडी पैनलों को तुरंत नियंत्रित किया जा सकता है जो गहन दृश्य अनुभव प्रदान करता है और खगोल विज्ञान शिक्षा में नई संभावनाएं जगाता है।

स्काई थिएटर में पेशेवर तौर पर निर्मित खगोल विज्ञान कार्यक्रमों के साथ ही मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान के बीच के संबंधों को तलाशने वाली एक इन-हाउस निर्मित फिल्म भी दिखाई जाएगी। ये शो कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध होंगे। इस केंद्र में प्रदर्शनी हॉल, खगोल विज्ञान के मॉडल और कलाकृतियों का संग्रहालय, एक व्याख्यान कक्ष, एक प्रशिक्षण केंद्र और संवादात्मक बाह्य प्रदर्शनियां भी होंगी।

इस केंद्र की गतिविधियां भारतीय ताराभौतिकी संस्थान के अनुसंधान, पूरे देश और अंतरिक्ष में बहु-तरंगदैर्ध्य टेलीस्कोप सुविधाओं के संचालन, भविष्य की खगोलीय सुविधाओं के विकास और राष्ट्रीय स्तर पर संबंधित जानकारी प्रदान करने के कार्यक्रमों की पूरक होंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments