HomePunjabपंजाब भर के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को लगाए जाएंगे...

पंजाब भर के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को लगाए जाएंगे विशेष शिविर

चंडीगढ़-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, पंजाब राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर, 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब, अनिंदिता मित्रा ने आज बताया कि ये शिविर ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027’ के दौरान मतदाताओं को विभिन्न चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ये शिविर मतदाताओं की सुविधा के लिए लगाए जा रहे हैं, ताकि वे ‘प्रारूप मतदाता सूची’ में अपने नाम और विवरण की जांच कर सकें तथा नए पंजीकरण, विवरण में सुधार या अन्य संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन जमा करवा सकें।

मित्रा ने बताया कि एसएसआर 2027 के तहत नए पंजीकरण के लिए पात्रता की तिथि 1 जनवरी, 2027 निर्धारित की गई है। कोई भी नागरिक, जो इस तिथि को या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेता है, वह ‘फॉर्म नंबर 6’ भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन करने का पात्र है। एसएसआर के बारे में जानकारी देते हुए मित्रा ने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया 11 दिसंबर, 2026 तक जारी रहेगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा तथा ‘अंतिम मतदाता सूची’ 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

अनिंदिता मित्रा ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इन विशेष शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने विशेष रूप से उन युवा नागरिकों से आगे आने और मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने का आह्वान किया, जो 1 जनवरी, 2027 को या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समावेशी लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना आवश्यक है और कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments