HomeSportअब ओलंपिक पदक पर है भारतीय हॉकी टीम की नजरें

अब ओलंपिक पदक पर है भारतीय हॉकी टीम की नजरें

         भारतीय पुरुष हॉकी टीम का लक्ष्य अब लांस एंजिल्स ओलंपिक में पदक जीतना रहेगा हालांकि ये इतना आसान नहीं है। इसके लिए भारतीय टीम को अपनी रणनीति को और बेहतर बनाना होगा। ये सही है कि भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय में एशिया में अपनी श्रेष्ठता को बार-बार साबित किया है, लेकिन जब बात दुनिया की शीर्ष टीमों से मुकाबले की आती है, तो उसका प्रदर्शन कई बार लड़खड़ा गया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने एशियाई दबदबे को वैश्विक मंच पर सफलता में बदलने की है। लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 को लक्ष्य में रखते हुए, हॉकी इंडिया को अपनी तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की रणनीति पर गंभीरता से पुनर्विचार करना होगा और एक समग्र तथा आक्रामक खाका तैयार करना होगा।

भारत का एशिया में वर्चस्व बना हुआ है, लेकिन उसकी असली और कठिन परीक्षा हमेशा विश्व कप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर ही होती है। 2028 ओलंपिक तक पहुंचने वाले हर प्रशिक्षण सत्र, हर टेस्ट सीरीज और प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का एकमात्र उद्देश्य भारतीय टीम को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ हॉकी खेलने वाली टीमों के स्तर तक पहुंचाना होना चाहिए। यह केवल शारीरिक कौशल का मामला नहीं है, बल्कि मानसिक दृढ़ता, दबाव में निर्णय लेने और उच्च-स्तरीय रणनीति को लागू करने का भी है।एफआईएच की विश्व रैंकिंग इस अंतर को दिखाती है। जर्मनी, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना और नीदरलैंड्स शीर्ष पांच स्थानों पर मजबूती से काबिज हैं, जबकि भारतीय टीम आठवें नंबर पर संघर्ष करती दिखती है। बेशक, भारत एशिया की सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है, लेकिन पाकिस्तान, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया और चीन जैसे एशियाई प्रतिद्वंद्वियों से आगे रहने भर से विश्व स्तर पर सफलता की गारंटी नहीं मिल सकती। वैश्विक हॉकी परिदृश्य में अपनी जगह बनाने के लिए हमें इस मानसिकता से ऊपर उठना होगा।

हॉकी विशेषज्ञों का स्पष्ट मत है कि भारतीय टीम को जर्मनी, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ नियमित रूप से खेलने की आवश्यकता है। ऐसी टीमों के साथ अधिक टेस्ट सीरीज और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को विभिन्न खेल शैलियों, तेज गति के खेल, निरंतर दबाव और उच्च स्तर की रणनीतिक समझ का बहुमूल्य अनुभव मिलेगा। यह अनुभव उन्हें कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।लॉस एंजिल्स 2028 के लिए भारतीय हॉकी को अभी से अपनी रणनीति में आमूलचूल परिवर्तन करना होगा। इसमें केवल सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के विकास और अगली पीढ़ी की प्रतिभाओं को तैयार करने पर भी विशेष जोर देना होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments