पटना । बिहार के दानापुर में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें 5 लोगों की जान चली गई। मकान की छत गिरने से बबलू खान (32) सहित उनके पूरे परिवार की मौत हो गई। मृतकों में उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटा मोहम्मद चांद (10), बेटियां रूकशार (12) और चांदनी (2) शामिल हैं। हादसे के वक्त सभी घर में सो रहे थे। यह घटना अकिलपुर थाना क्षेत्र के 42 पट्टी गांव में हुई। अकिलपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान का छत काफी पुराना था, जो लगातार बारिश और नमी की वजह से कमजोर हो गया था। इसी कारण रविवार रात वह अचानक गिर गया। प्रशासन की ओर से पीडि़त परिवार के परिजनों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार रात करीब पौने दस बजे अचानक मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही अकिलपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया लेकिन जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। मृतकों के परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिवार को मुआवजा और अन्य सहायता शीघ्र दी जाए, ताकि परिजनों को कुछ राहत मिल सके।



