नई दिल्ली। सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की शुरुआत सुस्त रही, जबकि चांदी ने तेज शुरुआत के बाद गिरावट दर्ज की। एमसीएक्स पर सोने के वायदा भाव 1,44,500 रुपये और चांदी के भाव 2,57,000 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 1,753 रुपये की गिरावट के साथ 1,46,000 रुपये पर खुला था, जबकि पिछला बंद भाव 1,47,753 रुपये था। कारोबार के दौरान इसमें और कमजोरी आई और यह 3,281 रुपये की गिरावट के साथ 1,44,472 रुपये तक फिसल गया। दिन के दौरान सोने ने 1,46,500 रुपये का उच्च और 1,43,501 रुपये का निचला स्तर छुआ।
गौरतलब है कि पिछले महीने सोना 1,80,779 रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था। वहीं चांदी ने एमसीएक्स पर मार्च कॉन्ट्रैक्ट ने 1,849 रुपये की तेजी के साथ 2,67,501 रुपये पर कारोबार शुरू किया। हालांकि शुरुआती बढ़त टिक नहीं पाई और 8,575 रुपये की गिरावट के साथ 2,57,077 रुपये पर आ गया। दिन के दौरान चांदी ने 2,67,501 रुपये का उच्च और 2,55,652 रुपये का निचला स्तर देखा। पिछले महीने चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मुनाफावसूली का असर दिखा। कॉमेक्स पर सोना 4,807.70 डॉलर प्रति औंस पर खुलने के बाद गिरकर 4,691.30 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। इस साल सोना 5,586.20 डॉलर के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं कॉमेक्स पर चांदी 84.30 डॉलर पर खुली और बाद में गिरकर 81.41 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि इस महीने इसका उच्चतम स्तर 121.79 डॉलर रहा है।



