नई दिल्ली । केंद्र सरकार अगस्त के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी करेगी। किसानों को लंबे समय से सम्मान निधि की 20वीं किस्त का इंतजार है। अब इसकी तारीख तय हो चुकी है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने अधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए यह जानकारी दी कि पीएम मोदी देशभर के किसानों के लिए पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त, 2025 को यूपी के वाराणसी से जारी करेंगे।
बता दें फरवरी माह में किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी होने के साथ देश के करीब 9.3 करोड़ किसानों को बड़ा फायदा मिला था। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी होना अनिवार्य है। वहीं, लाभार्थी किसानों के पास आधार कार्ड, बैंक अकाउंट होना जरूरी है। इस स्कीम का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी जमीन का सत्यापन करवाना जरूरी है। इनमें से किसी भी दस्तावेज के ना होने पर योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में सालाना 6 हजार रुपए भेजे जाते हैं। किसानों के खाते में ये राशि हर चार महीने के अंतराल में तीन किस्तों में ट्रांसफर की जाती है। हर किस्त में दो हजार रुपए दिए जाते हैं। इस योजना के लाभार्थी किसान वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। सिर्फ उन्हीं किसानों को इस किस्त का लाभ मिलेगा जिन्होंने ई-केवाईसी करा ली है और उनकी जमीन के रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन हो चुका है।



