मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की तबीयत ने सभी को चिंतित कर दिया है। 61 वर्षीय गोविंदा मंगलवार रात मुंबई के जुहू स्थित अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उनके कानूनी सलाहकार और दोस्त ललित बिंदल ने इसकी पुष्टि की है। ललित बिंदल ने कहा कि गोविंदा मंगलवार रात मुंबई स्थित अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए।
डॉक्टर से सलाह लेने के बाद उन्हें दवा दी गई और रात 1 बजे अस्पताल के इमरजेंसी रूम में भर्ती कराया गया। ललित बिंदल ने कहा कि अभिनेता के कई मेडिकल टेस्ट हुए हैं, जिनके नतीजों का इंतजार है। गोविंदा मंगलवार रात 8.30 बजे अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद डॉक्टर से सलाह लेकर उन्हें कुछ दवाइयाँ दी गईं और दवा लेने के बाद गोविंदा की तबीयत में सुधार बताया जा रहा है। लेकिन रात करीब 12.30 बजे फिर से उनकी तबियत खराब होने लगी, जिसके बाद उन्हें रात करीब 1 बजे जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।
डॉक्टरों की देखरेख में हैं गोविंदा – फिलहाल, गोविंदा डॉक्टरों की देखरेख में हैं और जल्द ही उनकी हेल्थ अपडेट दी जाएगी। हाल ही में गोविंदा ही-मैन धर्मेंद्र से पूछताछ करने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल गए थे, जहाँ से उनका एक वीडियो भी सामने आया था। इस दौरान गोविंदा काफी भावुक नजर आए।



