HomeHaryanaजम्मू–कश्मीर और पंजाब के बाद हिमाचल को भी हरियाणा सरकार ने भेजे 5 करोड़...

जम्मू–कश्मीर और पंजाब के बाद हिमाचल को भी हरियाणा सरकार ने भेजे 5 करोड़ रुपये

 चंडीगढ़– हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर और पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इसी क्रम में आज हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी गई है।  मुख्यमंत्री ने यह बात आज मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने बताया कि सभी मंत्रीगण, पार्टी के विधायकों तथा समर्थित विधायकों से एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का अनुरोध किया गया है ताकि बचाव और पुनर्वास कार्यों को गति प्रदान करते हुए परिवारों को त्वरित राहत प्रदान की जा सके। इसके साथ-साथ हरियाणा प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी आग्रह किया गया है कि वह अपनी इच्छा अनुसार मुख्यमंत्री राहत कोष में मदद करें। साथ ही, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी सहयोग का अनुरोध किया गया है ताकि प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

राहत कोष सभी के लिए खुला हैहर कोई कर सकता है योगदान – विपक्ष से राहत कोष में योगदान देने संबंधी अपील को लेकर पूछे गए एक प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष सभी के लिए खुला है और कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा अनुसार योगदान कर सकता है।

पड़ोसी धर्म निभाना हमारा दायित्वहरियाणा सरकार पूरी तरह पंजाब के साथ खड़ी – नायब सिंह सैनी

पंजाब में कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि पड़ोसी धर्म निभाना हमारा दायित्व है। उन्होंने बताया कि उन्होंने आज पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान से मिलकर उनका स्वास्थ्य और कुशलक्षेम पूछा और पंजाब पर आई प्राकृतिक आपदा के बारे में भी जानकारी ली है।  सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार और पार्टी की ओर से पंजाब को लगातार सहायता और राहत सामग्री भेजी जा रही है और साथ ही अन्य सहायता की आवश्यकता के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब हमारा भाई है और हरियाणा सरकार पूरी तरह से पंजाब के साथ खड़ी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के बीचकांग्रेस का युवराज विदेश में – विपक्ष द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा है विपक्ष के नेता बाहर निकले हैं, वरना पहले तो केवल ट्वीट करके ही अपनी जिम्मेदारी निभाते थे। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी देश पर विपत्ति आती है, कांग्रेस का युवराज विदेश चला जाता है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जब भी देश में कहीं प्राकृतिक आपदा आती है तो अपने कार्यक्रम रद्द करके सीधे जनता के बीच पहुंचते हैं। वे पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो संकट की घड़ी में जनता के बीच खड़े रहते हैं। प्रधानमंत्री जो बात मन से और दिल से कहते हैं, उसे समय पर पूरा भी करते हैं।

किसानों की फसल क्षति के बारे में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर किसानों द्वारा लगातार पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं फील्ड में जाकर फसल क्षति का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व ही किसानों को मुआवजे के रूप में 88.50 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं लगातार फील्ड में लोगों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजदीकी से नजर बनाए हुए हैं। संकट की इस घड़ी में हरियाणा सरकार लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक  के. मकरंद पांडुरंग और मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments