Health News : फिटकरी पौटेशियम एलुमिनियम सल्फेट से बनती है। इसके भीतर छुपे हुए एंटीसेप्टिक, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एस्ट्रिजेंट गुण इसे त्वचा की कई परेशानियों से राहत देने में मददगार बनाते हैं। फिटकरी का इस्तेमाल आमतौर पर दांत दर्द से राहत पाने और मुंह की सफाई के लिए किया जाता है। फिटकरी त्वचा संबंधी दिक्कतों को भी दूर करती है। जब इसे सही तरीके से और सावधानी से त्वचा पर लगाया जाता है, तो यह न केवल चेहरे की चमक बढ़ाती है बल्कि दाग-धब्बों और मुंहासों जैसी समस्याओं से भी राहत देता है। फिटकरी के अंदर मौजूद एंटी बैक्टीरियल गुण त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया को खत्म करते हैं, जिससे मुंहासे और एक्ने की समस्या कम हो जाती है।
इसके साथ ही, फिटकरी त्वचा के बंद पोर्स को खोलने में मदद करती है, जिससे त्वचा की सांस लेने की क्षमता बढ़ती है और उसका स्वरूप निखरता है। चेहरे पर फिटकरी लगाने से त्वचा में चमक आती है, जो उसे ताजगी और स्वस्थ दिखने में मदद करती है। इसके अलावा, फिटकरी खुजली और जलन जैसी समस्याओं को कम करती है, जिससे त्वचा को राहत मिलती है। फिटकरी को चेहरे पर लगाने का एक साधारण और असरदार तरीका है कि इसे पाउडर की फॉर्म में लेकर उसमें थोड़ा सा पानी या गुलाब जल मिलाया जाए और फिर इस मिश्रण को चेहरे पर लगाया जाए। इसे हफ्ते में एक से दो बार लगाने से त्वचा पर अच्छे परिणाम दिखाई देते हैं। लेकिन इसे सीधे चेहरे पर लगाने से पहले एक छोटा पैच टेस्ट जरूर करें। यह टेस्ट आपकी त्वचा की सुरक्षा के लिए आवश्यक है ताकि यह पता चल सके कि आपकी त्वचा फिटकरी के प्रति संवेदनशील है या नहीं।



