नई दिल्ली । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय विस्तार में हुई इस बैठक में पार्टी के संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई साथ ही केंद्र सरकार और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढ़ंग से जनता के बीच पहुंचाने का आह्वान भी मंच से किया गया। चुनावी राज्यों के लिएसंगठनात्मक तैयारियों पर भी मंथन बैठक में हुआ।
नवीन ने इस मौके पर कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन ज्यादा से ज्यादा मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाना है। पार्टी अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्षों का आह्वान किया कि केंद्र सरकार और राज्यों में अपनी सरकारों की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचायें। उन्होंने चुनाव संबंधित तैयारियों की मजबूती पर भी फोकस रखने की बात कही।
उन्होंने सरकार और संगठन के बीच तालमेल को बेहतरीन रखने पर भी जोर दिया। बैठक में हाल ही पूरे हुए संगठन पर्व, सदस्यता अभियान और पार्टी के आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समीक्षा भी की गई। प्रदेश अध्यक्षों ने अपने राज्यों में संगठन, कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी बैठक में दी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, सभी राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन मंत्री विशेषरूप से मौजूद थे।



