नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की दक्षिण अमेरिका यात्रा पर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाते हुए तंज कसा है। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, 15 दिन से अधिक हो गए हैं, लेकिन यात्रा के असली मकसद से ध्यान भटकाने के लिए जारी कुछ वीडियो के अलावा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
भाजपा आईटी सेल प्रमुख मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स में पोस्ट करते हुए आगे लिखा, राहुल गांधी आखिर कहां हैं और दक्षिण अमेरिका में क्या कर रहे हैं? इतनी गोपनीयता क्यों? उन्होंने कहा, अगर राहुल गांधी कोलंबिया में कॉफी बनाना सीख चुके हैं और छुट्टियां मना रहे हैं, तो उन्हें अब भारत लौट आना चाहिए। बिहार चुनाव की घोषणा हो चुकी है, मतदान में एक महीने से भी कम समय बचा है। महागठबंधन फिर हारने वाला है और कांग्रेस हमेशा की तरह अपने लापता नेता को छोड़कर सबको दोष देगी।
भाजपा सांसद निशिकांत ने की जांच की मांग – इसी बीच, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा की जांच की मांग कर दी है। उन्होंने कहा, कि पिछले दस वर्षों में राहुल गांधी ने कितने विदेश दौरे किए और किन उद्देश्यों से किए, इसकी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी को देश की राजनीति और जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, खासकर तब, जबकि बिहार समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं।



