Health News : भारतीयों की रसोई में पाए जाने वाली लौंग के गुण केवल स्वाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सेहत के लिए भी कई तरह से फायदेमंद है। चरक संहिता में लौंग को वातनाशक और पाचनवर्धक बताया गया है। आयुर्वेद और आधुनिक शोध दोनों ही लौंग के औषधीय महत्व को मान्यता देते हैं। इसका उपयोग गले की खराश, दांत दर्द और अपच जैसी समस्याओं को दूर करने में किया जाता रहा है। यह कफ और पित्त दोष को संतुलित करने में भी मददगार है। विशेषज्ञ बताते हैं कि नियमित रूप से सुबह-शाम खाना खाने से पहले एक लौंग का सेवन करने से मतली और उल्टी जैसी समस्या से राहत मिलती है।
साथ ही यह गैस, पेट फूलना और अपच की तकलीफ को भी कम करता है। इसकी तासीर गर्म मानी जाती है, इसलिए इसे ठंड के मौसम में ज्यादा लाभकारी माना जाता है।वहीं, गर्मियों में इसके सेवन की मात्रा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के एक शोध में यह पाया गया है कि लौंग में युजेनॉल नामक तत्व मौजूद होता है, जिसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह तत्व संक्रमण से लड़ने में मदद करता है और गले की खराश, सांस की बदबू और पाचन संबंधी परेशानियों को दूर करने में कारगर है। दांत दर्द या मसूड़ों की समस्या में भी लौंग का इस्तेमाल राहत देने वाला माना जाता है।
लौंग को चाय में डालकर या खाने में मसाले के रूप में इस्तेमाल करना सबसे आसान तरीका है। इससे न केवल स्वाद बढ़ता है बल्कि स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं। हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में करना जरूरी है। आयुर्वेदाचार्य मानते हैं कि ज्यादा लौंग खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है और पित्त की समस्या या एसिडिटी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से पेट संबंधी समस्या, पित्त दोष या अधिक एसिडिटी की परेशानी है, तो लौंग का सेवन सावधानीपूर्वक करना चाहिए। किसी भी गंभीर या लगातार बनी रहने वाली समस्या में डॉक्टर से सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।



