चंडीगढ़ । पंजाब और चंडीगढ़ में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। सुबह और रात के समय कोहरे के कारण सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। हवाई यातायात पर भी असर पड़ा, बुधवार को जयपुर और दिल्ली जाने वाली दो फ्लाइट्स रद्द हुईं, जबकि दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार रोपड़ में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि होशियारपुर में न्यूनतम 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलती है, लेकिन सुबह और रात में ठंड अधिक रहती है। मौसम विशेषज्ञों ने वाहन चालकों और यात्रियों से धीमी गति से वाहन चलाने और कोहरे में सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोग सड़कों पर आग जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले दिनों में कोहरा जारी रहने की संभावना है।



