जम्मू। जम्मू कश्मीर में शनिवार भारी बारिश और भूस्खलन से कुल 10 लोगों की मौत हो गई। रामबन में बादल फटने से 5 की मौत हुई है। इसी तरह रियासी में हुए भूस्खलन से एक मकान ढह गया जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। महोर क्षेत्र के एक घर पर अचानक भूस्खलन हुआ जिससे मकान ढह गया और पूरा परिवार मलबे में दब गया। अधिकारियों के अनुसार, परिवार के सातों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।
शवों को मलबे से निकालने में तीन से चार घंटे लग गए।महोर के एसडीपीओ वकार यूनुस ने बताया कि घटना तड़के करीब 3 बजे हुई। बादल फटने से तेज बारिश और मलबे का बहाव हुआ, जिसके चलते घर धराशायी हो गया। उन्होंने कहा, पूरा परिवार मलबे में दब गया था। बचाव अभियान के बाद सुबह सभी शव बरामद कर लिए गए। जम्मू-कश्मीर में रामबन जिले के एक सुदूर गांव में बादल फटने से 5 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित पर्वतीय क्षेत्र राजगढ़ में शनिवार सुबह बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों को दो महिलाओं समेत तीन लोगों के शव मिले हैं।



