जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल तालुका में वरखेड़ी शिवारा में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक पसरा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुँची। एरंडोल तालुका के वरखेड़ी शिवारा में पूरे परिवार की मौत हो गई। पुलिस को शुरुआती जाँच में मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और खेत में काम करने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरखेड़ी गाँव के एक किसान ने अपने खेत को वन्यजीवों से बचाने के लिए उसके चारों ओर तार की बाड़ लगा दी थी और उसमें से बिजली प्रवाहित कर दी थी। पुलिस सूत्रों द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूरों ने इस बिजली के प्रवाह पर ध्यान नहीं दिया और बिजली के तार की बाड़ के झटके से पाँच लोगों की मौत हो गई। जिनमें दो 40 वर्षीय महिलाएँ, एक 45 वर्षीय पुरुष, एक छह वर्षीय लड़की और एक आठ वर्षीय लड़का शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।



