नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा जैसे उत्तर भारत राज्यों में घने कोहरे की मार पड़ी। कोहरे की चादर इतनी घनी है कि सड़क पर 5 मीटर दूरी तक भी नहीं दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही उत्तर भारत के इन राज्यों में घना और अत्यधिक घना कोहरा पडऩे की चेतावनी दी थी। घने कोहरे के कारण सड़क पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।कोहरे के साथ आज नोएडा, गाजियाबाद से लेकर दिल्ली तक बर्फीली हवाएं भी चल रही हैं। इसे पहाड़ों में बर्फबारी का असर माना जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे का यह दौर अगले 5 दिनों तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में और उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के समय घने से अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे से ऐसे ही हालात बने रहने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में 19 दिसंबर को घना कोहरा पडऩे और शीत लहर का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि गंगा किनारे के मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहेगा। उत्तर प्रदेश के शहर कानपुर, बनारस, प्रयागराज, उन्नाव से लेकर गोरखपुर तक के ऐसे ही अन्य जिलों में अत्यधिक घना कोहरा रहेगा। वाराणसी एयरपोर्ट, हिंडन एयरपोर्ट से लेकर लखनऊ हवाई अड्डे तक उड़ानों में दिक्कतें आ सकती हैं।



