Health News : हरी मिर्च का सेवन सेहत के लिए किसी प्राकृतिक औषधि से कम नहीं है। हरी मिर्च में मौजूद पोषक तत्व शरीर को मजबूत बनाते हैं और कई बीमारियों से बचाव करते हैं। भारतीय रसोई में हरी मिर्च का स्थान बेहद खास है। यह न केवल खाने में तीखापन और स्वाद बढ़ाती है। हरी मिर्च में पाया जाने वाला तत्व कैप्सेसिन इसके तीखेपन के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभों के लिए जिम्मेदार होता है। यह तत्व शरीर में एंडोर्फिन नामक ‘फील-गुड’ हार्मोन को बढ़ाता है, जिससे दर्द कम होता है और मूड अच्छा रहता है।यही नहीं, कैप्सेसिन मोटापा, कोलेस्ट्रॉल और कैंसर की कोशिकाओं को बढ़ने से भी रोकता है। हरी मिर्च को विटामिन सी का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें संतरे की तुलना में कई गुना ज्यादा विटामिन सी पाया जाता है, जो त्वचा को निखारने और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है।
हालांकि, इसे काटकर देर तक रखने से इसका विटामिन सी खत्म हो जाता है, इसलिए इसे हमेशा ताज़ा ही खाना चाहिए। इसके अलावा, इसमें विटामिन-के भी प्रचुर मात्रा में होता है, जो खून का थक्का जमाने और हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक है। इसकी कमी से नाक से खून आना या घाव से देर तक खून बहना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हरी मिर्च में पोटैशियम, आयरन और कॉपर जैसे खनिज भी पाए जाते हैं, जो शरीर में ऊर्जा बनाए रखते हैं, खून की कमी को दूर करते हैं और तनाव को कम करने में मदद करते हैं। इसमें मौजूद हल्का फाइबर पाचन को सही रखता है और कब्ज से बचाता है। नियमित रूप से इसे खाने वालों में बड़ी आंत का कैंसर होने की संभावना भी कम होती है।
हरी मिर्च को दाल-रोटी के साथ कच्चा खाना, लहसुन और धनिया के साथ चटनी के रूप में या सरसों के तेल में बने अचार के रूप में खाना सेहत और स्वाद दोनों के लिए फायदेमंद है। इसे सब्जियों में तड़का लगाकर या सलाद में नींबू और प्याज के साथ भी शामिल किया जा सकता है। हालांकि, ध्यान रखें कि ज्यादा मिर्च खाने से जलन, गैस या एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इसलिए इसका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करें। आंखों की सेहत के लिए भी हरी मिर्च किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें मौजूद बीटा कैरोटीन और ल्यूटिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स आंखों की रोशनी बढ़ाने और रेटिना की रक्षा करने में मदद करते हैं। यही तत्व मिर्च को उसका हरा रंग देते हैं और इसे प्राकृतिक नेत्र रक्षक बनाते हैं।



