चंडीगढ़ – केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जीएसटी कर सुधार से कृषि, उद्योग और एमएसएमई, उद्योगपतियों और व्यापारियों, उपभोक्ताओं को भी राहत पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी कर सुधार से नई आर्थिक क्रांति का शुभारंभ हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आमजन से जुड़ी हुई ज्यादा से ज्यादा चीजों पर ज्यादा टैक्स घटाया है ताकि सीधे तौर पर आम जनता को लाभ हो। जीएसटी के नए स्लैब में 90 प्रतिशत वस्तुएं ऐसी हैं जिन पर जीएसटी 28 से 18 प्रतिशत की गई हैं। और 99 प्रतिशत वस्तु ऐसी है जिन पर 18 से 5 प्रतिशत की गई हैं।
केंद्रीय मंत्री आज पानीपत में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि टैक्स कम होने से आमजन की खरीद की क्षमता बढ़ेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, कर्मचारियों व छोटे किसानों को बचत के अवसर प्राप्त होंगे और निवेश के अवसर भी उन्हें मिलेंगे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि टैक्स के नए स्लैब आने से उद्योगों को गति मिलेगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। उनके उत्पादों की मांग बढ़ेगी और वे लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार भी दे पाएंगे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के कुशल वित्त प्रबंधन के कारण जहां भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है, वहीं देश की आंतरिक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज के हर वर्ग को राहत प्रदान करने के लिए सरकार ने जहां इनकम टैक्स की सीमा को बढ़ाकर 12 लाख रुपए वार्षिक किया है, वहीं अब वस्तु एवं सेवा कर की दर को घटाकर 5 और 18 प्रतिशत करके भी आम जनता को बड़ी राहत प्रदान करने का काम किया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 के स्वतंत्रता दिवस पर जनता से इस बार की दिवाली पर देश की जनता से कर सुधार का वादा किया था। उन्होंने कहा कि सरकार मौजूदा दौर में उद्योगों की दिशा और दशा में बदलाव लाने के लिए निवेश, समावेश, नवाचार वाले सभी दिशा सूचक तय करने का कार्य कर रही है ताकि इस क्षेत्र में भी भारत आत्म निर्भर हो सके।



