चंडीगढ़ : आगामी खरीफ खरीद सीजऩ को ध्यान में रखते हुए सडक़ों के संपर्क की तेज़ी से बहाली सुनिश्चित करने के लिए, पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों को हाल ही में आई बाढ़ से लिंक सडक़ों को हुए नुकसान पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पेश करने के निर्देश दिए हैं। खुड्डियां, जिनके साथ पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट भी मौजूद थे, ने आज यहां अपने कार्यालय में कृषि विभाग और पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मंडी बोर्ड की सडक़ों की स्थिति की समीक्षा की।
कृषि मंत्री ने कहा कि सडक़ों की बहाली के लिए आवश्यक सहायता हेतु केंद्र सरकार को जल्द ही अंतिम रिपोर्ट भेजी जाएगी। खुड्डियां ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों की उपज का हर दाना बिना किसी रुकावट और परेशानी के मंडियों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस मंतव्य के लिये पहला काम गाँवों की लिंक सडक़ों को हुए नुकसान की पूरी स्थिति का पता लगाना है ताकि बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जा सके।बैठक में बाढ़ के नुकसान के आकलन के अलावा पंजाब सरकार द्वारा लागू की जा रही लिंक सडक़ परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।लंबित कार्यों में तेजी लाने के लिए खुड्डियां और बरसट ने आदेश दिया कि लिंक सडक़ों की मरम्मत और उन्नयन के लिए सभी आवश्यक मंजूरियां तुरंत दी जाएँ ताकि जल्द से जल्द टेंडर जारी कर कार्य शुरू किया जा सके।
कृषि और किसान कल्याण विभाग के प्रबंधकीय सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने अधिकारियों को मंडी बोर्ड की सभी चल रही विकास परियोजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह कदम खासकर प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए कृषि बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और किसानों की सहायता करने के प्रति मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं। बैठक में अन्य के अलावा पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव रामवीर, मुख्य इंजीनियर पंजाब मंडी बोर्ड गुरिंदर सिंह चीमा, मुख्य इंजीनियर पंजाब मंडी बोर्ड अमनदीप सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।



