HomeHaryanaहरियाणा सरकार हर कदम पर किसानों और आमजन के साथ खड़ी है...

हरियाणा सरकार हर कदम पर किसानों और आमजन के साथ खड़ी है – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को फतेहाबाद जिले के बलियाला हेड, कूदनी हेड, चाँदपुरा साइफ़न और आसपास के बारिश के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों व किसानों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

 किसानों के लिए खोला गया क्षतिपूर्ति पोर्टल – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करेगी। इसके लिए ई क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। इस पर किसान अपनी खराब फसल का विवरण दे सकते हैं। इस पोर्टल पर प्रदेश में अब तक लगभग 1 लाख 70 हजार एकड़ में फसलों के नुकसान का पंजीकरण किया जा चुका है। शीघ्र ही किसानों को मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार मजबूती से आप लोगों के साथ खड़ी है और उन्हें उचित मुआवजा देगी।

 मकान और छतों के नुकसान पर देंगे राहत – मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के मकानों या छतों को नुकसान पहुँचा है, उनको राहत दी जाएगी। उपायुक्त को निर्देश दिए जा चुके हैं कि जिन घरों को नुकसान हुआ है उनकी सूची तैयार करें और उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर आवास योजना के तहत लगभग एक माह पहले ही 78.50  करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। प्रभावित परिवार को आवेदन करने पर तुरंत राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित घरों के लोगों को राहत दी जाएगी।

पड़ोसी राज्यों को भी प्रदेश सरकार ने भेजी मदद – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर रही है। अब तक 80 से अधिक राहत सामग्री से भरे ट्रक भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आज भी 25 ट्रकों को रवाना किया गया है, जिनमें से 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश और 15 ट्रक पंजाब के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और हरसंभव सहयोग कर रहे हैं।

 आवास और किसानों के लिए करोड़ों की सहायता – मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में पिछले साढ़े 10 वर्षों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए 2314 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत 416 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश सरकार ने हाल ही में 88.50 करोड़ रुपये किसानों की फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए भी वितरित किए गए हैं।

जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशेगी सरकार – मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी वर्षा के कारण हरियाणा के निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी है। उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को राहत और जलनिकासी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने पर गंभीरता से विचार कर रही है ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारी दिन-रात काम कर रहे हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया जो गांव-गांव जाकर जनता से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

सभी को मिलकर करना होगा प्रयास – मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सभी को धैर्य और सहयोग बनाए रखना चाहिए। चाहे पंजाब हो या हिमाचल प्रदेश, ऐसी परिस्थितियों का सामना सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के लोग मिलजुलकर प्रभावित परिवारों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। लगातार जलस्तर पर निगरानी रखें और आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जाए। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दुडा राम, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया, उपायुक्त मनदीप कौर, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, एसडीएम आकाश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments