लाडवा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Chief Minister Nayab Singh Saini) आलीशान पैलेस में समस्त ब्राह्मण समाज सम्मेलन में पहुंचे और कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। देश में सनानत संस्कृति को मानने वाले हम सब एक हैं। उन्होंने कहा कि यदि संस्कृति को बचाए रखना है तो कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना है। कांग्रेस ने राम मंदिर के मामले को लटकाए व अटकाए रखा। जब भाजपा कहती थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे तो कांग्रेस के लोग हंसते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिव्य व भव्य श्रीराम मंदिर उसी स्थान पर बनकर तैयार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुर्सी के लिए एमरजेंसी तक लगा थी। जिसमें लोकतंत्र सेनानियों के अधिकारों का जमकर दमन किया गया। जनता के उपर तमाम विभिन्न प्रकार की बंदिशें लगा दी गई जिन्हें आज भी हरियाणा भूला नहीं है। कांग्रेस शासन में सिखों पर भी अत्याचार किए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में लाडवा हल्का कभी विकास के नक्शे पर नहीं आया। कुछ एक क्षेत्र तक ही विकास के काम सीमित थे। कांग्रेस राज में केवल भ्रष्टाचार का विकास हुआ था। भ्रष्टाचार ही कांग्रेस के लिए शिष्टाचार हो गया था। लेकिन भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन जनता को दिया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसानों के हित के बारे में नहीं सोचा। कांग्रेस के पास किसानों के लिए न नीति है, न योजना, न पैसे हैं और न ही विजन है। भाजपा सरकार किसानों को समर्पित सरकार है।
किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6000 रुपए प्रतिवर्ष दिए जा रहे हैं। महिलाओं को 2100 रुपए योजना के तहत देने का वादा सरकार ने किया है और उसे तीसरी बार सरकार बनते ही उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम खटाखट वाला नहीं है। भाजपा ने जो कहा है वह करके दिखाया है। अब सभी को एकजुट होकर प्रदेश के विकास तथा संस्कृति के सरंक्षण व संवर्धन के लिए कमल खिलाना होगा। इस अवसर पर डीपी वत्स, तेजन्द्र गोल्डी, शैलेष वत्श, देवन्द्र शर्मा, रामचन्द्र, सोम प्रकाश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, अशवनी शर्मा, डाँ गणेश दत्त, डाँ योगेन्द्र कश्यप, दीपक शर्मा, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, पार्थ शर्मा, विकास शर्मा, गंगा राम शर्मा, आनन्द शर्मा, विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व भाजपा कार्यक्रता उपस्थित रहे।