मुंबई। आज से अक्टूबर का महीना शुरू हो गया है और यह कई बड़े बदलावों के साथ आया है। खासकर महीने के पहले दिन ही महंगाई का बड़ा झटका लगा है। देश में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 16 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई तक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। हालांकि, यह बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में की गई है, जबकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आईओसीएल की वेबसाइट पर अपडेट की गई एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर नजर डालें तो मुंबई में अब तक 1531 रुपये में मिलने वाला 19 किलो का सिलेंडर अब 1547 रुपये का हो गया है जबकि राजधानी दिल्ली में सिलेंडर की कीमत में 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इस बदलाव के बाद 19 किलो का सिलेंडर अब 1580 रुपये की जगह 1595 रुपये में मिलेगा। कोलकाता की बात करें तो यहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1684 रुपये से बढ़कर 1700 रुपये हो गई है जबकि चेन्नई में सिलेंडर की कीमत 1738 रुपये से बढ़कर 1754 रुपये हो गई है। दिल्ली को छोड़कर इन तीनों शहरों में इसकी कीमत में 16 रुपये का इजाफा हुआ है। ये नई दरें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। इससे पहले पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार घट रहे थे। सितंबर की शुरुआत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने इन कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम 51.50 रुपये कम किए थे। इससे पहले ये एक अगस्त को 33.50 रुपये सस्ते हुए थे। जुलाई 2025 के पहले दिन 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत भी घटकर 58 रुपये हो गई थी।



