सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा और बीजापुर जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान कुल 14 नक्सली मारे गए हैं। दोनों ही जगहों पर डीआरजी जवानों ने सटीक कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम किया। सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान डीआरजी और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में 12 नक्सलियों को मार गिराया गया। मुठभेड़ स्थल से सभी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही एके-47 और इंसास राइफल समेत अन्य हथियार भी जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में डीवीसीएम स्तर के नक्सली मंगडु के मारे जाने की भी सूचना है। वहीं बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में शनिवार सुबह से ही डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। सुरक्षा बलों ने यहां दो नक्सलियों को ढेर किया है, जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। सुरक्षाबलों का अभियान अभी जारी है और इलाके में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।



