नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे में आज एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज, 19 जनवरी को, देश की राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस कार्यक्रम को राजनीतिक गलियारों में न केवल एक औपचारिक प्रक्रिया, बल्कि पार्टी के भीतर एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।नामांकन की इस प्रक्रिया के दौरान भाजपा मुख्यालय में भारी गहमागहमी रहने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्यों की इकाइयों के अध्यक्ष और देश भर के वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। यह जमावड़ा पार्टी की एकजुटता और नए नेतृत्व के प्रति समर्थन को प्रदर्शित करेगा। इसमहत्वपूर्ण घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद हेमंत सावरा ने कहा कि भाजपा एक पूर्णतः लोकतांत्रिक पार्टी है, जहाँ एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से शीर्ष पद तक पहुँच सकता है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उदाहरण देते हुए कहा कि इन सभी नेताओं ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी।
साथ ही, उन्होंने महाराष्ट्र की विकास यात्रा और आगामी योजनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री मोदी और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विकास की राजनीति को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।सूत्रों के अनुसार, बिहार से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन के भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना है। हाल ही में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का उन्हें पूर्ण समर्थन प्राप्त है, जिससे उनकी ताजपोशी का रास्ता साफ नजर आ रहा है।



