जम्मू । मां जगदंबा का उपासना पर्व कल यानी सोमवार से शुरु हो रहा है। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू कश्मीर का दौरा कर सकते हैं। दौरे और आकलन के आधार पर केंद्र सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ा राहत पैकेज भी पीएम मोदी घोषित कर सकते हैं। यहां बाढ़ ग्रस्त इलाकों को देखेंगे और पीड़ितों की सहायता की समीक्षा करेंगे। भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने पीएम मोदी के संभावित दौरे की पुष्टि करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नवरात्रों के दौरान जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। वे जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरे के दौरान पीएम मोदी हाल ही में जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में हुई भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। साथ ही, बाढ़ से प्रभावित लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।सूत्रों के मुताबिक, यह दौरा एक दिन का होगा, लेकिन इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ केंद्र सरकार की एक उच्च स्तरीय टीम भी मौजूद रहेगी। यह टीम विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का विस्तृत आकलन करेगी। पीएम मोदी के दौरे में हवाई सर्वेक्षण भी शामिल है, जिसके जरिए वे प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेंगे।



