अयोध्या। द्रौपदी मुर्मू ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मंदिर के द्वितीय तल पर स्थित राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना की और आरती उतारी। इस दौरान वैदिक आचार्यों ने पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया।राष्ट्रपति मुर्मू सुबह लगभग साढ़े 10 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति ने जगतगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार से रामनगरी में प्रवेश किया। राम मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने सबसे पहले रामलला के दर्शन किए और मंदिर परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू मंदिर के दूसरे तल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। अयोध्या में राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। नवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रपति का यह धार्मिक दौरा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।



