HomePunjabपंजाब सरकार द्वारा ब्लॉक स्तर पर पशुओं की दूध दुहाई प्रतियोगिता आयोजित...

पंजाब सरकार द्वारा ब्लॉक स्तर पर पशुओं की दूध दुहाई प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा

चंडीगढ़ : पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री  गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आज घोषणा की कि डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने और पशुपालन उत्पादकता को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पंजाब पशुपालन विभाग राज्यभर में ‘ब्लॉक स्तरीय दूध दुहाई प्रतियोगिता-2025-26’ आयोजित करेगा। गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि ये प्रतियोगिताएं 6 अक्तूबर 2025 से शुरू होकर पूरे वर्ष चलेंगी और राज्य के सभी 154 ब्लॉकों में हर महीने के दूसरे सोमवार को आयोजित की जाएंगी। इससे डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसानों को अपने सर्वश्रेष्ठ पशुधन को प्रदर्शित करने और बेहतर पशुपालन अभ्यास अपनाने का मंच मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने की श्रेणियों और न्यूनतम दूध उत्पादन मानकों की रूप रेखा संबंधी जानकारी देते हुए श्री खुड्डियां ने बताया कि मुर्रा और मुर्रा ग्रेडेड नस्ल की भैंसें 16 किलोग्राम या उससे अधिक दूध देने वाली हों, निली रावि और निली रावि ग्रेडेड भैंसें 14 किलोग्राम या उससे अधिक, साहिवाल और अन्य देसी नस्ल की गायें 12 किलोग्राम या उससे अधिक, एच.एफ. और एच.एफ. क्रॉस गायें 30 किलोग्राम या उससे अधिक, जर्सी और जर्सी क्रॉस गायें 16 किलोग्राम या उससे अधिक तथा किसी भी नस्ल की बकरियां 2.5 किलोग्राम या उससे अधिक दूध देने वाली हों।

पशुपालकों को प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारे किसान पंजाब की रीढ़ की हड्डी हैं और हमारे डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की अपार संभावना है। यह प्रतियोगिता केवल पुरस्कार जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पशु प्रबंधन में उत्कृष्ट अभ्यासों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने और प्रसारित करने का एक रणनीतिक मिशन है। उन्होंने कहा कि हमारे किसानों को उच्च उत्पादन देने वाली नस्लें पालने के लिए प्रेरित करके हम प्रत्यक्ष तौर पर पंजाब में अधिक आय, बेहतर आनुवंशिक गुणों और एक अधिक मजबूत, टिकाऊ डेयरी पारिस्थितिकी तंत्र की दिशा में योगदान दे रहे हैं।

यह पहल मुख्यमंत्री  भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उस व्यापक दृष्टि का हिस्सा है, जिसके तहत किसानों को सशक्त बनाना, सहायक कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित करना शामिल है।  खुड्डियां ने कहा कि इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलेगा, जिससे राज्य के पशुधन में महत्तवपूर्ण गुणात्मक सुधार होगा।पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव श्री राहुल भंडारी ने बताया कि इच्छुक पशुपालक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पशु अस्पतालों से आवश्यक फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रतियोगिता डेयरी फार्मिंग और पशुधन प्रबंधन में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करेगी। प्रत्येक श्रेणी में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार और सम्मान दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान निर्धारित श्रेणियों और न्यूनतम दूध उत्पादन मानकों के अनुसार एंट्री करवा के प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments